बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक प्रेमी जोड़े से जुड़ा मामला सामने आया है। रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव स्थित एक किराए के मकान में शनिवार सुबह 21 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। वहीं, उसकी 20 वर्षीय प्रेमिका दूसरे कमरे में बंद मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी भारत भूषण शर्मा के पुत्र अमृत शर्मा (21) के रूप में हुई है। वहीं, युवती की पहचान नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली अर्चना कुमारी (20) के रूप में हुई है।

फर्जी पहचान बताकर लिया था किराए का मकान
जानकारी के अनुसार, करीब एक महीने पहले अर्चना ने पिपरा वार्ड संख्या-16 में एक मकान किराए पर लिया था। मकान मालिक को उसने अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी दी थी, जिसमें पिता का नाम भरत शर्मा और पता दनियालपुर दर्ज था। अर्चना ने मकान मालिक को बताया था कि उसके साथ उसका भाई भी रहेगा।

करीब 15 दिन बाद अमृत शर्मा भी वहां रहने लगा। उसने भी मकान मालिक को आधार कार्ड की कॉपी दी, जिसमें पिता का नाम और पता अर्चना के दस्तावेजों जैसा ही दर्ज था। दोनों ने मकान मालिक को बताया था कि अमृत एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता है, जबकि अर्चना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।

मकान मालिक को दोनों के रिश्ते पर संदेह हुआ तो उन्होंने परिवार के बारे में पूछताछ की। इस पर दोनों ने एक युवक से फोन पर बात कराई। उस युवक ने खुद को उनका पिता बताते हुए दोनों को अपना बेटा-बेटी बताया और मकान मालिक से उन्हें ठीक से रखने की बात कही थी। हालांकि, घटना के बाद खुलासा हुआ कि दोनों भाई-बहन नहीं, बल्कि प्रेमी-प्रेमिका थे और करीब नौ महीने से रिलेशनशिप में थे।

विवाद के बाद युवक ने लगा ली फांसी!
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात किसी बात को लेकर अमृत और अर्चना के बीच विवाद हुआ था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विवाद के बाद अमृत ने अर्चना को दूसरे कमरे में बंद कर दिया और खुद फांसी लगा ली।

शनिवार सुबह अर्चना ने अमृत के भाई को फोन कर बताया कि अमृत दरवाजा नहीं खोल रहा है और फोन भी नहीं उठा रहा है। इसके बाद अमृत का भाई मौके पर पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर अमृत का शव फंदे से लटका मिला, जबकि अर्चना दूसरे कमरे में बंद थी।

मृतक के भाई ने कही यह बात
मृतक के भाई ने बताया कि अमृत इस युवती के साथ रह रहा था, इसकी जानकारी परिवार के लोगों को नहीं थी। अर्चना से कभी-कभी काम के सिलसिले में थोड़ी-बहुत बातचीत होती थी। उन्होंने यह भी बताया कि युवती का पहले से एक बॉयफ्रेंड था, जिसने अमृत को हत्या करने की धमकी दी थी।

वहीं, मकान मालिक ने बताया कि दोनों ने खुद को भाई-बहन बताया था। इतना ही नहीं, एक युवक को पिता बताकर फोन पर बातचीत भी कराई गई थी। घटना के बाद ही दोनों के प्रेम संबंध में होने की जानकारी सामने आई।

पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले में सदर डीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे अमृत का शव मिला है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

बेगूसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट