Patna : पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 27 से जुड़ी गोलघर शिव मंदिर गली में सड़क की बदहाली से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मोहल्लेवासियों का आरोप है कि पिछले छह महीने से ठेकेदार द्वारा गली को तोड़कर छोड़ दिया गया है, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, गली की स्थिति इतनी खराब है कि यहां से गाड़ी लेकर आने-जाने वाले लोग आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं. कई लोगों को चोटें भी आई है. मोहल्लेवासियों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी आने जाने में काफी परेशानी हो रही है.
इस संबंध में मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि जब ठेकेदार रितेश रंजन से सड़क निर्माण को लेकर बात की गई तो उन्होंने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि गली नहीं बनेगी, जो करना है कर लीजिए, उन्हें इसकी परवाह नहीं है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि आगामी 25 नवंबर और 20 दिसंबर को मोहल्ले में दो बच्चों की शादी का कार्यक्रम होना है. ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति के कारण शादी समारोह में आने-जाने वाले मेहमानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
मोहल्लेवासियों ने इस समस्या को लेकर बुडको के प्रबंध निदेशक, राजापुर, पटना को लिखित आवेदन देकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है. आवेदन में ठेकेदार के व्यवहार की भी शिकायत की गई है.
अब सवाल यह उठता है कि आखिर छह महीने से सड़क तोड़कर छोड़ने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं कराया गया? क्या पटना नगर निगम वार्ड संख्या 27 के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर संज्ञान लेंगे और स्थानीय लोगों को राहत दिलाएंगे?
मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कराकर जल्द से जल्द गोलघर शिव मंदिर गली का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को दुर्घटनाओं और आवागमन की परेशानी से निजात मिल सके.
पटना से अंकित कुमार की रिपोर्ट--
