ईसीएल मुगमा एरिया की राजपुरा परियोजना में कोयला तस्करों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। कोयला चोरी रोकने पर सुरक्षा कर्मी को निशाना बनाए जाने की एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है।शुक्रवार की अहले सुबह करीब 6 बजे राजपुरा ओसीपी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकल रहे सुरक्षा कर्मी दिलीप सतनामी के साथ दो लोगों ने कथित तौर पर जमकर मारपीट की। आरोप है कि एक महिला और एक पुरुष ने उन्हें मुक्कों तथा डंडों से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। मारपीट में उनके पूरे शरीर पर चोटें आई हैं।बताया जा रहा है कि कोयला चोरी रोकने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने सुरक्षा कर्मी पर महिला के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद परियोजना में कार्यरत सुरक्षा कर्मियों और मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बीसीकेयू के कोलियरी सचिव खोखन रविदास ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि राजपुरा परियोजना में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कोयला तस्करों द्वारा मजदूरों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है।उन्होंने बताया कि घटना के विरोध में सुबह से ही परियोजना का उत्पादन ठप करा दिया गया है। राजपुरा प्रबंधन और गल्फरबाड़ी ओपी पुलिस जब तक इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो पूरे परियोजना को बंद करा दिया जाएगा।

वहीं,मामले को लेकर राजपुरा प्रबंधक से शिकायत की गई है। प्रबंधन की ओर से गल्फरबाड़ी ओपी में शिकायत दर्ज कराने और मामले में कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया है।इस संबंध में कोलियरी प्रबंधक संजीव चंद्रा ने कहा कि परियोजना के सुरक्षा कर्मी के साथ दो लोगों ने मारपीट की है। आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी पहचान होने के बाद स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।गौरतलब है कि गुरुवार की दोपहर निरसा के राजा कोलियरी में सीआईएसएफ की टीम पर पथराव और मोटरसाइकिल छीनने की घटना का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि राजपुरा परियोजना में सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट की एक और घटना सामने आ गई। लगातार हो रही इन घटनाओं ने ईसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल, सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट के विरोध में उत्पादन ठप है और प्रबंधन तथा पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।