पटना : बिहार अब अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के मानचित्र पर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करने जा रहा है। जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में कैडेट और जूनियर बालक एवं बालिका तलवारबाजी विश्व कप का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगभग 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। यह बिहार के लिए पहली बार तलवारबाजी विश्व कप की मेजबानी का अवसर होगा।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आज एशियाई तलवारबाजी महासंघ के महासचिव एवं भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष श्री राजीव मेहता ने बिहार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने माननीय खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर बिहार में तलवारबाजी खेल के विकास और विस्तार को लेकर विचार-विमर्श किया। इसके बाद पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में मेरे साथ भी इस सन्दर्भ में विस्तृत चर्चा हुई।

इस बैठक में जनवरी 2027 के तीसरे सप्ताह में राजगीर में कैडेट और जूनियर वर्ग के बालक-बालिका तलवारबाजी विश्व कप के आयोजन पर सहमति बनी। प्रतियोगिता में 25 से 28 देशों के खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। इससे बिहार को अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई पहचान मिलेगी और राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बैठक में राजगीर में तलवारबाजी के लिए एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू करने पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

बिहार में तलवारबाजी खेल को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी सहमति बनी। भारतीय तलवारबाजी महासंघ के सहयोग से पूरे बिहार में नई खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही प्रशिक्षकों को बेहतर प्रशिक्षण देने, तकनीकी अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने और उनके लिए कार्यशालाएं आयोजित करने की योजना है।

इन सभी कार्यक्रमों को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और भारतीय तलवारबाजी महासंघ आपसी सहयोग से आगे बढ़ाएंगे। इसका उद्देश्य राज्य में तलवारबाजी के लिए मजबूत आधार तैयार करना और बिहार के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाना है।

इस अवसर पर भारतीय तलवारबाजी महासंघ के अध्यक्ष श्री राजीव मेहता ने खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रवीन्द्रण शंकरण को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। श्री शंकरण ने उन्हें ज्ञान, शांति और बिहार की गौरवशाली विरासत के प्रतीक बोधिवृक्ष का पौधा भेंट किया।

इस अवसर पर गुजरात तलवारबाजी संघ के महासचिव श्री भरत भी उपस्थित थे।

राजगीर में विश्व कप का आयोजन और राज्य में उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की पहल बिहार में तलवारबाजी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे न केवल अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए बिहार की मेजबानी क्षमता मजबूत होगी, बल्कि राज्य कीt नई प्रतिभाओं को भी बड़े मंच तक पहुंचने का रास्ता मिलेगा।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-