पटना : बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को पटना स्थित बाजार समिति परिसर का निरीक्षण किया। आगामी 21 नवंबर को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस परिसर को आम जनता को समर्पित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान माननीय मंत्री ने परिसर की व्यवस्थाओं, दुकानों की स्थिति, साफ-सफाई एवं रखरखाव का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्राकृतिक खेती के उत्पादों को मिलेगा प्रोत्साहन
मंत्री ने निर्देश दिया कि बाजार समिति परिसर में प्राकृतिक खेती से उत्पादित कृषि उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएं। इन स्टॉलों के आवंटन में प्राकृतिक खेती के उत्पादों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं को प्राथमिकता दी जाए, ताकि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा मिलने के साथ उपभोक्ताओं को भी शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद उपलब्ध हो सकें।
स्वच्छता एवं रखरखाव पर विशेष जोर
माननीय मंत्री ने परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रखरखाव से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का समाधान 24 घंटे के भीतर किया जाए। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही परिसर में आम लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
दुकानों एवं व्यवस्थाओं का होगा विस्तृत सर्वेक्षण
माननीय मंत्री ने अनुमंडल पदाधिकारी को बाजार समिति परिसर की सभी दुकानों का सर्वेक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति की जांच करने तथा विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने दुकानदारों एवं बाजार समिति से जुड़े अन्य लोगों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जानने और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
नई आवंटन नियमावली से सुनिश्चित होगा पात्र लाभार्थियों को लाभ
माननीय मंत्री ने बताया कि बाजार समिति में दुकानों के आवंटन के लिए नई नियमावली तैयार की जा रही है। इसी नियमावली के अनुरूप पात्र एवं वास्तविक लाभार्थियों को दुकान आवंटित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। इससे आवंटन व्यवस्था में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनी रहेगी तथा वास्तविक हकदारों को उनका लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर माननीय कृषि मंत्री ने कहा कि बाजार समिति केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संस्थान है। सरकार का उद्देश्य इसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुविधायुक्त केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां किसानों और व्यापारियों को बेहतर व्यावसायिक वातावरण मिले तथा आम जनता को भी गुणवत्तापूर्ण उत्पाद एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी 21 नवंबर को परिसर को आम जनता को समर्पित किए जाने के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-
