पटना : राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पी एंड एम मॉल के सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट, कदमकुआं के कोयरी टोला स्थित हाजी बेकरी और कृष्णापुरी के रोमियो लेन रेस्टोरेंट में छापेमारी कर जांच की गई। इस दौरान कई खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। भारी मात्रा में खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट की जांच में रसोईघर में साफ-सफाई की कमी, पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं होने, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही रेफ्रिजरेटर में रखने तथा जल निकासी व्यवस्था संतोषजनक नहीं होने जैसी खामियां मिलीं। खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम अवधि का विवरण भी नहीं पाया गया। कार्रवाई के दौरान 10 किलो अनियन ग्रेवी, 5 किलो जिंजर ग्रेवी, 4 किलो उबला चाउमीन, पाव ब्रेड और 12 पैकेट ब्राउनी नष्ट कराए गए। स्वच्छता में सुधार के लिए रेस्टोरेंट का रसोईघर दो दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया गया।

कदमकुआं स्थित हाजी बेकरी में जांच के दौरान वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र नहीं मिला। यहां 12 किलो अवधि समाप्त सेवई नष्ट कराई गई। वहीं, पापा बिस्कुट और मैदा के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

कृष्णापुरी के रोमियो लेन रेस्टोरेंट में भी स्वच्छता संबंधी खामियां मिलीं। ढक्कनयुक्त कूड़ेदान नहीं होने पर कार्रवाई करते हुए दही मसाला, टमाटर ग्रेवी और अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-