पत्रकार नगर के संजय गांधी नगर में वारदात, शटर का लॉक काटकर चोरों ने उड़ाए मोबाइल; DIU और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पटना:बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। पत्रकारनगर थाना क्षेत्र के काली मंदिर रोड स्थित संजय गांधी नगर में मां कम्युनिकेशन मोबाइल शॉप से करीब40 से45 लाख रुपये के मोबाइल फोन चोरी होने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस, DIU औरFSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा मिला लॉक
दुकानदार राजीव राज के मुताबिक, वह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे,तो शटर का लॉक कटा हुआ मिला। इसके बाद दुकान के अंदर जांच करने पर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन गायब मिले।
दुकानदार ने चोरी गए मोबाइल फोन की कीमत करीब40 से45 लाख रुपये बताई है। हालांकि, चोरी गए मोबाइल की वास्तविक संख्या और कुल कीमत का आकलन विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस औरFSL की टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्रकारनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच मेंDIUकी टीम को भी लगाया गया है। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। वहीं, FSLकी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की, ताकि वारदात से जुड़े सुराग मिल सकें।
पुलिस दुकान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
कितने लोग थे शामिल,जांच में जुटी पुलिस
पत्रकारनगर थानाध्यक्ष सज्जाद गद्दी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की वारदात को किस तरीके से अंजाम दिया गया और इसमें कितने लोग शामिल थे।
फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों से मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सकती है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

