पटना: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह उनके बचाव में उतर आए हैं. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा वोट चोरी जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है.
श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह में दिया बयान
पटना में बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह के दौरान अखिलेश प्रसाद सिंह ने खरगे की टिप्पणी को लेकर भाजपा के विरोध पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने पहले भी देश के कई प्रमुख राजनीतिक नेताओं को लेकर टिप्पणियां की हैं,लेकिन उस समय भाषा की मर्यादा को लेकर इसी तरह सवाल नहीं उठाए गए.
भाजपा पर दोहरे मापदंड का आरोप
अखिलेश प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह,देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू,पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी,कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को लेकर भी बयान दिए हैं. उनके मुताबिक,उस समय भाजपा की ओर से भाषा की मर्यादा को लेकर विरोध नहीं किया गया,लेकिन अब खरगे की टिप्पणी पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
बोले- जनता समझ रही है मंशा
कांग्रेस नेता ने भाजपा के विरोध को राजनीतिक रणनीति बताते हुए आरोप लगाया कि भाषा की मर्यादा का मुद्दा उठाकर जनता का ध्यान मूल सवालों से हटाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि भाजपा की यह रणनीति सफल नहीं होगी.
खरगे की टिप्पणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस जहां भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगा रही है,वहीं भाजपा नेताओं ने खरगे के बयान पर आपत्ति जताई है. इस विवाद ने बिहार में भी राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
