CEIR पोर्टल के जरिए पुलिस ने की कार्रवाई,मोबाइल गुम या चोरी होने पर संचार साथी ऐप से शिकायत दर्ज करने की अपील

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल48 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सोमवार को पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपने खोए हुए फोन वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस का आभार जताया।

CEIR पोर्टल के जरिए बरामद हुए48 मोबाइल

पुलिस अधीक्षक के निर्देश परCEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से48 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

इस अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) पूजा कुमारी ने किया। जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों के सहयोग से तकनीकी अनुसंधान और आवश्यक कार्रवाई की गई, जिसके बाद पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी की उपस्थिति में प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जयराज और एएसपी राहुल देव बड़ाईक ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे।

मोबाइल गुम होने पर संचार साथी ऐप से करें शिकायत

चाईबासा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर बिना देर किए नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही संचार साथी ऐप या संबंधित आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत करें, ताकि मोबाइल को ट्रैक करने और उसे ब्लॉक कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।

पुलिस के मुताबिक,समय पर शिकायत दर्ज कराने और मोबाइल काIMEI नंबर उपलब्ध कराने से बरामदगी के प्रयासों में मदद मिल सकती है।

बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें

पुलिस ने लोगों को मोबाइल चोरों से सतर्क रहने की भी सलाह दी है। पुलिस के अनुसार, कुछ मामलों में दूसरे जिलों से आने वाले समूह बाजारों, हाट-बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करते हैं। चोरी किए गए मोबाइल फोन को दूसरे राज्यों में बेचे जाने की आशंका भी जताई गई है।

ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि बाजार, मेले और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल फोन और कीमती सामान को सुरक्षित रखें।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

चाईबासा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम लोगों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

48 मोबाइल फोन की बरामदगी से उन लोगों को राहत मिली है, जो लंबे समय से अपने खोए हुए फोन वापस मिलने का इंतजार कर रहे थे।

चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट