पटना: बिहार की राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहटा थाना में तैनात चौकीदार नागेंद्र पासवान के रूप में हुई है। रविवार की सुबह उनका शव बिहटा-सिकंदरपुर-कटेसर मार्ग पर जमुनापुर गांव के पास सड़क किनारे मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस सड़क हादसे समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
देर रात बाइक से घर लौट रहे थे नागेंद्र पासवान
जानकारी के अनुसार, नागेंद्र पासवान प्रतिदिन देर रात बिहटा थाना से अपनी बाइक से घर कटेसर गांव लौटते थे। शनिवार की रात भी वह ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से घर के लिए निकले थे।
बताया जा रहा है कि देर रात कटेसर-जमुनापुर बांध के पास वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिले। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल बिहटा स्थित ईएसआईसी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त अवस्था में गिरी हुई मिली। इसके बाद से ही उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
नागेंद्र पासवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के छोटे भाई अमरजीत कुमार और पत्नी सुधा देवी ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
थाना प्रभारी ने क्या कहा?
बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि जमुनापुर गांव के पास सड़क किनारे चौकीदार नागेंद्र पासवान अचेत अवस्था में पड़े हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि मामला सड़क दुर्घटना का है या हत्या का। पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
BIHAR CRIME
पटना में बिहटा थाना के चौकीदार की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे मिला शव; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

