पटना:बिहार STF के एडिशनल एसपी दिनेश कुमार पांडेय ने अपनी फिटनेस और जज्बे से एक बार फिर लोगों का ध्यान खींचा है। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर उन्होंने गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में 31 किलोमीटर की मैराथन दौड़ पूरी कर लौह पुरुष को अनोखी श्रद्धांजलि अर्पित की। शनिवार की सुबह उन्होंने यह दौड़ पूरी की।
सरदार पटेल की जयंती इस वर्ष नक्सल मुक्त भारत की थीम पर मनाई जा रही है। इस अवसर पर शनिवार शाम एकता नगर में भव्य परेड का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन में बिहार STF की टीम भी शामिल हुई।

फिटनेस के प्रति जुनून, पहले भी लगा चुके हैं 30 KM की दौड़
एडिशनल एसपी दिनेश कुमार पांडेय पुलिस सेवा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं। फिटनेस के प्रति उनका जुनून पहले भी सामने आ चुका है। पकड़ीदयाल में डीएसपी के पद पर तैनाती के दौरान उन्होंने पकड़ीदयाल से राजपुर तक करीब 30 किलोमीटर की दौड़ लगाई थी। इसके अलावा उन्होंने कोचिंग सेंटरों और स्कूलों में संस्कारशाला का संचालन कर विद्यार्थियों को सामाजिक और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया था। अब गुजरात के एकता नगर में 31 किलोमीटर की मैराथन पूरी कर उन्होंने एक बार फिर अपनी शारीरिक क्षमता और अनुशासन का परिचय दिया है।
144 जवानों के साथ परेड में शामिल होगी बिहार STF की टीम
सरदार पटेल जयंती के अवसर पर आयोजित परेड में बिहार STF की टीम भी अपनी भागीदारी निभाएगी। दिनेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में इस टीम में 144 जवान, दो सब-इंस्पेक्टर और डीएसपी रैंक के एक अधिकारी के शामिल होने की जानकारी दी गई है। एकता नगर में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए देश की सुरक्षा में तैनात विभिन्न बलों के जवानों ने राष्ट्रीय एकता और नक्सल मुक्त भारत के संकल्प का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों के लिए बने प्रेरणा
दिनेश कुमार पांडेय की 31 किलोमीटर की मैराथन दौड़ पुलिस सेवा में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व को भी रेखांकित करती है। उनका यह प्रयास युवाओं और पुलिसकर्मियों को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देने वाला है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

