मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता हुए शामिल,विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने की बनी रणनीति;दो नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन
पटना: बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को भाजपा विधानमंडल दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार संगठन प्रभारी हरीश द्विवेदी, सह प्रभारी रोहन गुप्ता और संगीता यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, विधान पार्षद राजेन्द्र गुप्ता सहित भाजपा के विधायक, विधान पार्षद और बिहार सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे।
दो नवनिर्वाचित विधान पार्षदों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
बैठक के दौरान तिरहुत स्नातक विधान परिषद क्षेत्र से नवनिर्वाचित बंशीधर बृजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित राहुल राज ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता: संजय सरावगी
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बैठक में संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनसेवा के संकल्प से मजबूत हुआ है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल से जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति
बैठक में विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों और बयानों का तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने कहा कि विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब सरकार के कामकाज और उपलब्धियों के जरिए दिया जाएगा।
इसके लिए जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों को जनता के बीच सक्रिय रहने तथा सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया गया।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर चर्चा
बैठक में प्रदेश से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद स्थापित करने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।
'लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ'अभियान की समीक्षा
इस दौरान 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पार्टी की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने और अभियान के उद्देश्यों को जनता तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में पार्टी संगठन को अधिक सक्रिय, सशक्त और जनोन्मुखी बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। बैठक का मंच संचालन मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया ने किया।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

