पहली बार डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना, स्व-गणना और जाति संबंधी जानकारी भी होगी शामिल; 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगी जनसंख्या गणना
रांची: भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 30 और 31 अक्टूबर 2026 को समाहरणालय सभागार में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनगणना पदाधिकारियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों को जनगणना से जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी जनगणना कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है। इस दौरान केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने अधिकारियों और क्षेत्रीय पदाधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल डेटा संग्रहण, फील्ड वर्क और निर्धारित दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जनगणना के आंकड़ों से तय होगी भविष्य की विकास योजनाएं: उपायुक्त
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण किया जाता है।
उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण के प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझने का निर्देश दिया, ताकि फील्ड में काम के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि सभी स्तर के पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करें।
उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से भी अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।
केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने समझाई डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया
प्रशिक्षण के दौरान केंद्रीय प्रशिक्षक टीम ने जनगणना कार्य से जुड़ी तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी। इसमें प्रगणन कार्य को सटीक तरीके से पूरा करने, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि, मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग और फील्ड में कार्य करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया।
जिला, अनुमंडल, नगर और चार्ज स्तर पर प्रतिनियुक्त जनगणना पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित निर्धारित जानकारियों का सही तरीके से संकलन करना अनिवार्य होगा।
रांची में जनगणना का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जानकारी दी कि रांची जिले के सभी चार्जों में जनगणना-2027 का पहला चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने पहले चरण में शामिल क्षेत्रीय अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी समयबद्ध और सटीक आंकड़ों के संकलन के लिए कर्मियों ने सराहनीय प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
पहली बार डिजिटल होगी भारत की जनगणना, जाति संबंधी जानकारी भी होगी शामिल
जनगणना-2027 कई मायनों में महत्वपूर्ण होने जा रही है। यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इस बार प्रगणक स्मार्टफोन और विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से परिवारों से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगे।
इसके अलावा आम नागरिकों को निर्धारित वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। जनगणना के द्वितीय चरण में जाति संबंधी जानकारी भी एकत्र की जाएगी।
भारत में वर्ष 1872 से जनगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। जनगणना-2027 देश की 16वीं और स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी।
जानिए कब होगी जनसंख्या गणना
जिला प्रशासन की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, सामान्य क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक निर्धारित किया गया है।
वहीं, जनसंख्या गणना शुरू होने से पहले 10 जनवरी 2027 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
जनगणना में जुटाई जाएंगी ये महत्वपूर्ण जानकारियां
द्वितीय चरण के दौरान प्रत्येक व्यक्ति और परिवार से संबंधित विभिन्न प्रकार की जानकारियां एकत्र की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
जनसंख्या संबंधी जानकारी: देश के प्रत्येक व्यक्ति की गणना।
जनसांख्यिकीय जानकारी: आयु और वैवाहिक स्थिति।
शैक्षणिक एवं सामाजिक जानकारी: शिक्षा, साक्षरता और सामाजिक विशेषताएं।
आर्थिक जानकारी: रोजगार और आर्थिक गतिविधियां।
प्रवासन एवं प्रजनन: प्रवासन और प्रजनन से संबंधित निर्धारित विवरण।
अन्य महत्वपूर्ण जानकारी: मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं, संपत्तियां, धर्म, अनुसूचित जाति-जनजाति और भाषा आदि।
जनगणना कार्य में जिला प्रशासन की होगी अहम भूमिका
जनगणना के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला और चार्ज स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। इनमें जनगणना कर्मियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, निर्धारित क्षेत्रों में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करना, नियमित समीक्षा और निगरानी, डिजिटल उपकरणों की उपलब्धता तथा जनजागरूकता बढ़ाना शामिल है।
प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करना है।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और समाज के भविष्य के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान एकत्रित आंकड़ों की गोपनीयता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से जनगणना कर्मियों को पूरा सहयोग देने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट

