पटना: बिहार की राजधानी पटना में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब के बड़े कारोबार का पर्दाफाश किया है। फतुहा के मुस्तफापुर स्थित भारत पेट्रोलियम के समीप एक बड़े गोदाम में छापेमारी कर 3830 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में राजस्थान के रहने वाले चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गोदाम का मालिक फरार बताया जा रहा है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध इकाई की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि फतुहा के मुस्तफापुर इलाके में एक गोदाम के अंदर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और गोदाम में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान गोदाम से कुल 3830 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। विभाग के अनुसार, जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये है।

राजस्थान के चार तस्कर गिरफ्तार,गोदाम मालिक फरार
कार्रवाई के दौरान मौके से राजस्थान के रहने वाले चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, गोदाम का मालिक छापेमारी की भनक लगते ही फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

त्योहारों में शराब खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इतनी बड़ी मात्रा में शराब का भंडारण त्योहारों के दौरान खपत करने के उद्देश्य से किया गया था। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब की सप्लाई चेन, गोदाम के मालिक और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।

पटना से विवेक कुमार रिपोर्ट