मोकामाः विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी बीच उनके होने वाले समधी रणविजय सिंह ने अनंत सिंह की साफगोई, सादगी और शालीनता की जमकर तारीफ की है। रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार की शादी 25 नवंबर को शिवांगी सिंह के साथ होनी है। रणविजय सिंह ने कहा कि यह जोड़ी भगवान ने बनाई है और जब उनके पास रिश्ते का प्रस्ताव आया तो उन्होंने तुरंत सहमति दे दी।

बहू शिवांगी के लिए बनवाया गया नया घर
बिहटा में होने वाली बहू शिवांगी के लिए बनवाए गए नए घर में गृह प्रवेश से पहले रणविजय सिंह ने मीडिया और यूट्यूब चैनलों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह की बेटी से उनके बेटे का रिश्ता जुड़ने से परिवार, गांव और इलाके के लोग सम्मानित महसूस कर रहे हैं। रणविजय सिंह ने बताया कि उनका बेटा ऋषिकेश अमेरिका से बिहटा लौट चुका है और एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है। वहीं, उनकी बेटी डॉक्टरी की पढ़ाई कर रही है।

दिल्ली से एमबीए की पढ़ाई की है शिवांगी
होने वाली बहू शिवांगी के बारे में उन्होंने कहा कि वह पढ़ी-लिखी हैं और दिल्ली से एमबीए की पढ़ाई की है। शादी के बाद ऋषिकेश और शिवांगी कहां रहेंगे तथा आगे क्या करेंगे, इसका फैसला दोनों मिलकर करेंगे।

अनंत सिंह की स्पष्टवादिता से हुए प्रभावित
रणविजय सिंह ने अनंत सिंह से मुलाकात के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विधायक की स्पष्टवादिता और सादगी ने उन्हें काफी प्रभावित किया है। उन्होंने अनंत सिंह को बेहद हाजिरजवाब बताया। जब उनसे पूछा गया कि अनंत सिंह का कौन-सा डायलॉग उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है, तो उन्होंने कहा कि उनका 'बढ़िया' बोलने का अंदाज उन्हें बहुत अच्छा लगता है।

20 नवंबर को तिलक 25 को होगी शादी
गौरतलब है कि 20 नवंबर को तिलक समारोह होगा, जबकि 25 नवंबर को लदमा गांव में शिवांगी और ऋषिकेश की शादी होगी। इसी दिन अनंत सिंह और नीलम देवी के छोटे बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार भी आयोजित किया जाएगा। शादी को लेकर लदमा गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।

संजय कुमार की रिपोर्ट