चाईबासा:लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने संयुक्त रूप से चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान गांधी टोला,करणी मंदिर और कुम्हार टोली छठ घाट का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी घाटों पर विशेष साफ-सफाई, हाई मास्ट लाइट और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही छठ व्रतियों की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम और घाटों पर अनाउंसमेंट सिस्टम लगाने को कहा। वहीं, बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए आवश्यकतानुसार वाहन सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष नजर
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रमुख घाटों और संपर्क मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ नियंत्रण,पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, एसडीओ संजय कुमार, एसडीपीओ बहामन टुटी, नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट

