बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान भागलपुर जिले को दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है। प्रधानमंत्री सुल्तानगंज में प्रस्तावित अजगैवीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधारशिला रख सकते हैं।प्रधानमंत्री का वैशाली जिले के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी में जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम के दौरान भागलपुर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं का वर्चुअल शिलान्यास भी किया जा सकता है।भागलपुर के जेडीयू सांसद अजय मंडल ने बताया कि लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय और करीब 3500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से सुल्तानगंज में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण प्रस्तावित है। ये दोनों परियोजनाएं भागलपुर और पूरे अंग क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री के हाथों नेशनल हाईवे-106 पर कोसी नदी पर बने महासेतु के लोकार्पण की भी संभावना है। बिहपुर और मधेपुरा के फुलौत के बीच निर्मित इस चार लेन पुल की लंबाई लगभग 6.93 किलोमीटर बताई गई है।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
अजगैवीनाथ एयरपोर्ट के निर्माण से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। वहीं विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी। कोसी महासेतु के चालू होने से यातायात और व्यापार को भी लाभ मिलने की संभावना है।हालांकि, इन परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम की अंतिम पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पटना से संजय कुमार की रिर्पोर्ट
