पटनाःबिहार की राजधानी पटना में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन क्षेत्र मेंSTFकी टीम ने छापेमारी कर दो महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से73ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब15लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के पास से दो मोबाइल फोन और950रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
STFसमेत चार एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, बिहार STF, समस्तीपुर पुलिस, GRP पटना और GRP बरौनी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान दोनों महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 73 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और 950 रुपये नकद जब्त किए हैं।
समस्तीपुर और वैशाली की रहने वाली हैं आरोपी महिलाएं
गिरफ्तार दोनों महिला आरोपियों की पहचान समस्तीपुर और वैशाली जिले की रहने वाली महिलाओं के रूप में हुई है। इनमें गिरफ्तार गुड़िया कुमारी के खिलाफ समस्तीपुर जिले के पटोरी थाने में NDPS एक्ट समेत दो मामले पहले से दर्ज बताए जा रहे हैं।
बिहार से असम तक फैला था तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं का कथित नशा तस्करी नेटवर्क बिहार के अलावा असम समेत कई राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हेरोइन की सप्लाई कहां से की जा रही थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस कर रही आगे की जांच
दोनों महिला आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे तस्करी नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। बरामद मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। इस कार्रवाई को पटना में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

