मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 11 लाख 11 हजार 111 दीप जलाकर ऐतिहासिक दीपोत्सव का किया शुभारंभ, किसानों की सिंचाई और युवाओं के रोजगार पर भी दिया बड़ा भरोसा।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को मुंगेर जिले के बरियारपुर प्रखंड अंतर्गत कल्याणपुर स्थित श्री श्री 108 बड़ी दुर्गा महारानी मंदिर परिसर में आयोजित भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। यूथ क्लब कल्याणपुर की ओर से आयोजित इस आयोजन में एक साथ 11 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्वलित किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित करने का यह ऐतिहासिक आयोजन मुंगेर की धरती पर हो रहा है। उन्होंने सभी बिहारवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य को लगातार विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाना सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने मुंगेर और भागलपुर के बीच करीब 83 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के निर्माण कार्य शुरू कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और विकास की नई संभावनाएं पैदा होंगी।
गंगा नदी के पानी के बेहतर प्रबंधन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गाद की सफाई और जल संरचनाओं के माध्यम से गंगा के पानी का उपयोग किसानों के खेतों तक सिंचाई पहुंचाने में किया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ 2 नवंबर को महत्वपूर्ण समझौता किया गया है।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2030 से पहले ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे बिहार के लोगों को मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े। राज्य में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार से जोड़ने तथा अगले पांच वर्षों में एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने उद्योगों के विस्तार, निवेश और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
कार्यक्रम में विधायक कुमार प्रणय, ललित नारायण मंडल, मनोज यादव सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
संजय कुमार की रिपोर्ट

