पटना : बिहार में प्रस्तावित मां सीता महिला विश्वविद्यालय को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय के संबंध में कोई भी निर्णय संबंधित हितधारकों के साथ विचार-विमर्श करने और उनके सुझावों को ध्यान में रखने के बाद ही लिया जाएगा. फिलहाल इस विश्वविद्यालय को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर को निर्देश दिया है कि बिहार विधान परिषद चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की जाए. मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार,चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक विश्वविद्यालय से जुड़े मुद्दे पर आगे की औपचारिक कार्रवाई नहीं की जाएगी.
हितधारकों के साथ होगी बैठक
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित मां सीता महिला विश्वविद्यालय से जुड़े सभी हितधारकों के साथ बैठक आयोजित करने पर जोर दिया है. इस बैठक में संबंधित पक्षों की राय,सुझाव और विचार सुने जाएंगे. सरकार का अगला कदम इसी विचार-विमर्श से प्राप्त सुझावों के आधार पर तय होगा.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि विश्वविद्यालय से संबंधित निर्णय लेते समय हितधारकों के विचारों को उचित महत्व दिया जाए. इसके बाद ही प्रस्तावित विश्वविद्यालय के संबंध में आगे की दिशा निर्धारित की जाएगी.
फिलहाल अंतिम निर्णय नहीं
मां सीता महिला विश्वविद्यालय को लेकर सरकार ने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है. मुख्यमंत्री के निर्देश से स्पष्ट है कि इस विषय पर जल्दबाजी में निर्णय लेने के बजाय संबंधित पक्षों से चर्चा को प्राथमिकता दी जाएगी.
बिहार विधान परिषद चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विचार-विमर्श की प्रक्रिया शुरू होगी. इसके बाद प्राप्त सुझावों के आधार पर विश्वविद्यालय को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अब सभी की नजरें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और प्रस्तावित बैठक पर टिकी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
