पटना : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पटना नगर निगम द्वारा शहर के 31 गंगा घाटों पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई है. सभी चिह्नित घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर तीन स्तरीय बैरिकेडिंग की गई है. वहीं, संवेदनशील एवं खतरनाक स्थलों को लाल कपड़े से घेरकर चिह्नित किया गया है, ताकि श्रद्धालु अनजाने में जोखिमपूर्ण स्थानों की ओर न जाएं. कच्चे घाटों पर सीढ़ियों की मरम्मत, समतलीकरण एवं पहुंच पथ को दुरुस्त करने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है. इसके अतिरिक्त सभी चिह्नित घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है कि सोमवार की शाम से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का जुटान प्रारंभ होने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त संख्या में मानवबल की तैनाती सुनिश्चित की जाए. साथ ही, घाटों पर निरंतर साफ-सफाई बनाए रखी जाए. उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया है कि स्नान एवं पूजा के दौरान एकत्रित होने वाली पूजन सामग्री को गंगा में प्रवाहित होने से रोका जाए तथा उसका समुचित संग्रहण एवं निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
पटना नगर निगम द्वारा पाटलिपुत्र अंचल अंतर्गत दीघा-पाटीपुल घाट, गेट नंबर 93 घाट, गेट नंबर 88 घाट, गेट नंबर 83 घाट, बांस घाट एवं कलेक्ट्रेट घाट पर विशेष तैयारियां की गई है. वहीं, नूतन राजधानी अंचल के महेंद्रू घाट पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है.
बांकीपुर अंचल के अंतर्गत वंशी घाट, काली घाट, कदम घाट, पटना कॉलेज घाट, कृष्णा घाट, गांधी घाट, बड़हरवा घाट, पटना लॉ कॉलेज घाट, रानी घाट, घघा घाट, रौशन घाट एवं चौधरी टोला घाट पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
इसी प्रकार अजीमाबाद अंचल के पथरी घाट, गाय घाट, भद्र घाट, महावीर घाट, सीढ़ी घाट, दुल्ली घाट, मितन घाट एवं खाजेकलां घाट तथा पटना सिटी अंचल के झाउगंज घाट, कंगन घाट, गुरु गोविंद सिंह कॉलेज घाट एवं दीदारगंज घाट पर भी कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है.
गंगा की स्वच्छता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी: महापौर
महापौर सीता साहू ने कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि वे सुरक्षित एवं चिह्नित गंगा घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें. उन्होंने श्रद्धालुओं से घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, पूजन सामग्री को गंगा नदी में प्रवाहित नहीं करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही उसका निस्तारण करने का अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि पर्व की पवित्रता के साथ-साथ गंगा की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
सुरक्षित एवं चिह्नित घाटों पर ही करें स्नान
पटना नगर निगम द्वारा आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा चिह्नित एवं सुरक्षित घोषित गंगा घाटों पर ही स्नान करें. ऐसे घाटों पर जाने से बचें, जहां सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं है. श्रद्धालुओं से अपील है कि वे प्रशासन एवं नगर निगम के कर्मियों का सहयोग करें, ताकि कार्तिक पूर्णिमा का पर्व सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो सके.
पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट-
