औरंगाबाद:जिले में करमा पूजा का उत्साह उस वक्त मातम में बदल गया,जब पूजा सामग्री के विसर्जन और स्नान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पोखर में डूबने से दो किशोरियों की मौत हो गई. पहली घटना सिंघना गांव की है,जहां चार सहेलियां पोखर में डूब गई. ग्रामीणों ने तीन युवतियों को बचा लिया,लेकिन 17 वर्षीय आकांक्षा कुमारी की जान चली गई. वहीं,दूसरी घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के डुमरा गांव की है,जहां करमा पूजा के बाद पोखर में स्नान करने गई 13 वर्षीय सारधा कुमारी की डूबने से मौत हो गई.

पहली घटना अंबा थाना क्षेत्र के सिंघना गांव की है। गांव निवासी दीपक सिंह की 17 वर्षीय बेटी आकांक्षा कुमारी अपनी तीन सहेलियों पायल कुमारी, छाया कुमारी और पुष्पांजलि कुमारी के साथ करमा पूजा के अवशेष विसर्जित करने पोखर पर गई थी. इसी दौरान आकांक्षा गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी. सहेली को डूबता देख तीनों युवतियों ने भी पोखर में छलांग लगा दी.

शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीन युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया,लेकिन आकांक्षा गहरे पानी में समा गई. करीब दो घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद किया गया.तीनों बचाई गई युवतियों को इलाज के लिए निजी क्लिनिक के बाद सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

आकांक्षा की मौत से परिवार में कोहराम मचा है.बताया जा रहा है कि उसकी शादी भी तय हो चुकी थी. परिजनों के मुताबिक करीब एक साल बाद उसकी डोली उठनी थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी अर्थी उठ गई. छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना पर अंबा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की.

वहीं दूसरी घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के डुमरा गांव की है। बुधवार की सुबह करीब पांच बजे 13 वर्षीय सारधा कुमारी करमा पूजा के बाद सूर्य मंदिर के समीप पोखर में स्नान करने गई थी. इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसपुरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.