पटना : बिहार में तैराकी को केवल एक प्रशिक्षण गतिविधि तक सीमित न रखकर इसे प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में विकसित करने और गांव-कस्बों में छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की तैयारी की जा रही है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA) भारतीय तैराकी महासंघ (SFI) के तकनीकी सहयोग से पूरे प्रदेश में तैराकी प्रतिभा खोज अभियान शुरू करने की योजना बना रहा है।
इस सन्दर्भ में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की अध्यक्षता में आज महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें बिहार राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष श्री दीपक कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रवीन्द्रण शंकरण, उप निदेशक श्री हिमांशु सिंह,भारतीय तैराकी महासंघ के चेयरमैन श्री वीरेन्द्र नानावटी,महासचिव श्री मोनाल चौकसी,बिहार तैराकी संघ की अध्यक्षा श्रीमती मानसी सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से उपलब्ध प्रशिक्षण नेटवर्क और बच्चों के आंकड़ों का बेहतर उपयोग, मास्टर ट्रेनरों की क्षमता का आकलन एवं प्रशिक्षण, प्रतिभा पहचान के वैज्ञानिक मानक, जिला और प्रखंड स्तर पर परीक्षण की व्यवस्था तथा सभी संबंधित संस्थाओं की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि इस पहल की सबसे बड़ी ताकत बिहार में पहले से तैयार तैराकी प्रशिक्षण का मजबूत आधार है। पिछले चार वर्षों में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) के सहयोग से प्रदेश के लगभग 28 हजार बच्चों को तैराकी का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस अभियान से करीब 1,000 प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर भी जुड़े हैं। इन बच्चों के प्रशिक्षण और तैराकी में उनके प्रदर्शन से संबंधित आंकड़े, जिसमें तैराकी का समय भी शामिल है, उपलब्ध हैं। अब इसी आधारभूत नेटवर्क और आंकड़ों का इस्तेमाल कर बेहतर तैराकी क्षमता वाले बच्चों की पहचान करने की तैयारी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत पहले से प्रशिक्षित बच्चों के उपलब्ध आंकड़ों की प्रारंभिक जांच की जाएगी। इसके बाद वैज्ञानिक मानकों के आधार पर उनकी शारीरिक क्षमता, तैराकी कौशल और प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। चयनित बच्चों को उनकी क्षमता के अनुरूप व्यवस्थित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसरों से जोड़ा जाएगा l
इस पूरी प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए भारतीय तैराकी महासंघ से विस्तृत कार्ययोजना मांगी गई है। महासंघ के तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से प्रतिभा पहचान की एक ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव है, जो प्रखंड स्तर से शुरू होकर जिला और राज्य स्तर तक पहुंचे।
अभियान के पहले चरण में बिहार में कार्यरत करीब 1,000 मास्टर ट्रेनरों की संख्या, उनके कार्यक्षेत्र, भौगोलिक उपलब्धता, तैराकी कौशल और प्रशिक्षण अनुभव का आकलन किया जाएगा। इसके लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति बनी है।
इस कार्यशाला के माध्यम से मास्टर ट्रेनरों को तैराकी प्रतिभाओं की शुरुआती पहचान, बच्चों के प्रदर्शन का आकलन और निर्धारित मानकों के अनुरूप मूल्यांकन करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे प्रखंड स्तर पर ही संभावित प्रतिभाओं की पहचान करने में मदद मिलेगी।
उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर बच्चों की प्रारंभिक छंटनी की जाएगी। इसके बाद भारतीय तैराकी महासंघ के विशेषज्ञों की सलाह से वैज्ञानिक मूल्यांकन के मानक और चयन प्रक्रिया तय की जाएगी। चयनित बच्चों का शारीरिक परीक्षण और तैराकी ट्रायल कराया जाएगा, ताकि उनकी वास्तविक क्षमता का निष्पक्ष आकलन हो सके।
इसके लिए महासंघ से अनुभवी प्रतिभा खोजकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को बिहार भेजने का भी अनुरोध किया गया है। प्रखंड स्तर पर शुरुआती जांच के बाद जिला स्तर पर परीक्षण का कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य बिहार में पहले से मौजूद तैराकी प्रशिक्षण व्यवस्था को भारतीय तैराकी महासंघ की विशेषज्ञता से जोड़कर प्रतिभाओं के विकास का एक व्यवस्थित रास्ता तैयार करना है। इससे उन बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सकेगा, जिनमें तैराकी की अच्छी क्षमता है, लेकिन उचित मार्गदर्शन और प्रतियोगिताओं तक पहुंच के अभाव में उनकी प्रतिभा सामने नहीं आ पाती।
28 हजार प्रशिक्षित बच्चों, 1,000 मास्टर ट्रेनरों और राज्यव्यापी प्रशिक्षण नेटवर्क की ताकत को एक मंच पर लाकर बिहार में तैराकी के भविष्य के लिए प्रतिभाओं की नई पौध तैयार करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट-
