इस बार 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के खास मौके पर राज्य सरकार सूबे के मेधावी छात्रों को सम्मानित करने जा रही है। खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने हाथों से इन प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करेंगे। इस भव्य समारोह में कुल 235 विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार, लैपटॉप, मोबाइल और प्रशस्ति पत्र देकर नवाजा जाएगा!जैक (JAC), सीबीएसई (CBSE) और आईसीएससी (ICSE) बोर्ड के 10वीं और 12वीं के स्टेट टॉपर्स पर तो जैसे धन और उपहारों की बरसात होने वाली है!

  • पहला स्थान पाने वाले को पूरे 3 लाख रुपये,

  • दूसरा स्थान पाने वाले को 2 लाख रुपये,

  • और तीसरा स्थान हासिल करने वाले को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।

इतना ही नहीं, इन सभी को लैपटॉप और मोबाइल भी दिए जाएंगे। इस बार सीबीएसई 12वीं के वोकेशनल स्ट्रीम के टॉपर्स को भी इस लिस्ट में शामिल किया गया है।सिर्फ बोर्ड टॉपर्स ही नहीं, बल्कि 'सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस' के टॉपर्स, और राज्य सरकार की आकांक्षा कोचिंग के जरिए जेईई (JEE), नीट (NEET) और क्लैट (CLAT) जैसी कठिन प्रतियोगिता परीक्षाओं में परचम लहराने वाले 50 मेधावी छात्र भी इस सम्मान का हिस्सा बनेंगे।शिक्षा विभाग की तैयारी पूरी है—कुल 1.46 करोड़ रुपये की नकद राशि, 226 लैपटॉप, 80 मोबाइल और 9 टैबलेट बांटे जाएंगे। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को 13 नवंबर तक चयनित विद्यार्थियों की सूची और उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दे दिया गया है। और हाँ, अगर कोई छात्र किसी वजह से खुद नहीं पहुँच पाया, तो उसके माता-पिता आकर यह गौरवशाली सम्मान ले सकेंगे।

झारखंड के इन होनहारों की सफलता राज्य का मान बढ़ा रही है। हमारी तरफ से सभी मेधावी विद्यार्थियों को ढेरों शुभकामनाएं! ऐसे ही तरक्की करते रहिए, जोहार झारखंड!"