झारखंड और आसपास के इलाकों से अब मानसून की विदाई का आधिकारिक दौर शुरू हो चुका है। लगातार हो रही बारिश से अब लोगों को राहत मिलने की प्रबल संभावना है। हालांकि, मौसम अभी पूरी तरह थमा नहीं है।मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 6 और 7 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में बारिश के आसार अभी भी बने हुए हैं। लेकिन इसके तुरंत बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। 7 अक्टूबर के बाद राज्यभर में बारिश की गतिविधियों में भारी कमी आने की संभावना है।

वहीं, आगामी 8 अक्टूबर से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े (यानी महीने के दूसरे हिस्से) में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान दिन के समय तेज धूप खिलेगी और अधिकतम तापमान बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

यानी इस दौरान दिन में लोगों को एक बार फिर से गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है, जबकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंडक का अहसास भी होगा। राहत की बात यह है कि अक्टूबर के फिलहाल किसी बड़े मानसूनी सिस्टम के बनने के कोई संकेत नहीं हैं, इसलिए पूरे महीने बारिश की गतिविधियां काफी कम रहने का अनुमान है।