देवघर के मोहनपुर थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर तार लदा ट्रक लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह अपराधियों ने कागजात जांचने के बहाने दस चक्का ट्रक रुकवाया और चालक व खलासी को बंधक बनाकर ट्रक लेकर फरार हो गए। इसके बाद ट्रक मालिक से मोटी फिरौती मांगी गई थी।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जसीडीह थाना क्षेत्र के मानिकपुर में छापेमारी कर मुकेश कुमार राय और कैलाशपति मिश्रा को दबोच लिया।आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक, घटना में प्रयुक्त इनोवा कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
