धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को सम्मान और आर्थिक संबल का उपहार दिया है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) के अंतर्गत रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 07 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 माह की सम्मान राशि का सफलतापूर्वक भुगतान कर दिया गया है। योजना के तहत प्रत्येक लाभुक के खाते में ₹2,500 की दर से आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल ₹98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई है।धनतेरस और दीपावली से ठीक पहले सम्मान राशि मिलने से जिले की लाखों महिलाओं के परिवारों में त्योहार की खुशियां और बढ़ेंगी। राज्य सरकार की इस पहल से महिलाओं को अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने, घरेलू खर्चों में सहयोग देने तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। धनतेरस एवं दीपावली जैसे पावन त्योहारों से पूर्व लाभुक महिलाओं के खातों में सम्मान राशि का हस्तांतरण सरकार की महिला हितैषी सोच और उनके प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस राशि से महिलाओं को अपने परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति करने और त्योहार की खुशियों में सहभागी बनने में सहायता मिलेगी। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि योजना का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
रांची जिले में योजना के अंतर्गत प्रखंड एवं शहरी क्षेत्रवार लाभुकों की संख्या निम्नवत है
1. अनगड़ा – 16,705
2. अरगोड़ा शहरी क्षेत्र – 13,347
3. बड़गाईं शहरी क्षेत्र – 10,042
4. बेड़ो – 20,562
5. बुंडू – 8,556
6. बुंडू नगर पंचायत – 3,558
7. बुढ़मू – 17,765
8. चान्हो – 19,332
9. हेहल शहरी क्षेत्र – 16,308
10. इटकी – 10,135
11. कांके – 31,502
12. कांके शहरी क्षेत्र – 1,280
13. खलारी – 9,597
14. लापुंग – 11,784
15. मांडर – 22,933
16. नगड़ी – 18,250
17. नगड़ी शहरी क्षेत्र – 8,216
18. नामकुम – 17,958
19. नामकुम शहरी क्षेत्र – 9,504
20. ओरमांझी – 17,840
21. राहे – 9,531
22. रातू – 20,290
23. सिल्ली – 21,282
24. सोनाहातू – 13,088
25. तमाड़ – 18,751
26. टाउन अर्बन – 25,891
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, उनके जीवन स्तर में सुधार लाने तथा सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। धनतेरस के अवसर पर सम्मान राशि का यह हस्तांतरण राज्य की महिलाओं के लिए दीपावली से पहले एक विशेष सौगात है।
