बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा आज भी बेटियों के भविष्य, उनके सपनों और उनके बुनियादी अधिकारों के सामने एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी कुप्रथा को जड़ से खत्म करने के संकल्प के साथ धनबाद के जिला परिषद सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान को और मजबूत बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने साफ कहा कि जब तक बेटियां सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर नहीं होंगी, तब तक मजबूत भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता। धनबाद के जिला परिषद सभागार में शुक्रवार को बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता और सामाजिक बदलाव का स्पष्ट संदेश दिया गया। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र और जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के मौके पर झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट, धनबाद और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संयुक्त तत्वावधान में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शामिल वक्ताओं और प्रतिभागियों ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया।इस दौरान जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए बेटियों को आगे बढ़ने और खुलकर सांस लेने का समान अवसर देना बेहद जरूरी है।
उन्होंने झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान की शुरुआत इसी संस्था ने की थी। लगातार और जमीनी प्रयासों का ही नतीजा है कि आज ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। कम उम्र में शादी के दुष्परिणामों पर चिंता जताते हुए शारदा सिंह ने कहा कि बाल विवाह के कारण बच्चियों को कम उम्र में ही मातृत्व जैसी गंभीर जिम्मेदारियों का सामना करना पड़ता है। इससे उनके स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा पैदा होता है। वहीं, नवजात बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह समस्या केवल ग्रामीण इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी ऐसे मामले सामने आते हैं, जो कई बार सामाजिक दबाव के कारण छिपे रह जाते हैं। हालांकि, अब बदलाव की तस्वीर भी दिखाई देने लगी है—कई बहादुर बेटियों ने खुद आगे आकर अपने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठा
