पटना : राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, उभरती प्रतिभाओं की पहचान कर उनके संवर्द्धन तथा खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले ‘बिहार राज्य खेल – 2026’ की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रतियोगिता के सफल एवं भव्य आयोजन हेतु संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

आयोजन की मुख्य विशेषताएं:

- *तिथि एवं स्थान:* यह प्रतियोगिता आगामी 01 दिसंबर 2026 से 10 दिसंबर 2026 तक पटना एवं राजगीर (नालंदा) के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित की जाएगी.

- *उद्घाटन समारोह:* प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन समारोह 02 दिसंबर 2026 को संध्या 5:00 बजे गांधी मैदान, पटना में प्रस्तावित है.

- *प्रतिभागियों की संख्या:* इस महाकुंभ में राज्य के विभिन्न जिलों से 24 खेल विधाओं में कुल 5,500 खिलाड़ी, 750 तकनीकी पदाधिकारी एवं 750 स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे.

- *प्रमुख आयोजन स्थल:* पटना में पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग, खेल भवन-सह-व्यायामशाला (राजेन्द्र नगर), गंगा पथ, मरीन ड्राइव, सचिवालय स्पोर्ट्स क्लब, शूटिंग रेंज बिक्रम तथा यंगमैन्स इंस्टीच्यूट में मुकाबले होंगे. वहीं नालंदा में राज्य खेल अकादमी (राजगीर) और कल्याण बिगहा शूटिंग रेंज में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी.

समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष बल दिया:

- *विधि-व्यवस्था एवं यातायात:* गृह विभाग, पुलिस महानिदेशक तथा पटना और नालंदा के जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को उद्घाटन समारोह तथा सभी खेल व आवासन स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुरुष/महिला पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही, यातायात पुलिस अधीक्षक, पटना को खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के सुगम आवागमन हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने को कहा गया.

- *स्वास्थ्य एवं स्वच्छ पेयजल:* स्वास्थ्य विभाग को सभी खेल मैदानों और आवासन स्थलों पर मेडिकल डेस्क, एम्बुलेंस, चिकित्सकों की टीम, आवश्यक दवाएं और बर्फ की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को सभी स्थलों पर स्वच्छ पेयजल और आवश्यकतानुसार वाटर एटीएम बूथ लगाने को कहा गया.

- *स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना:* नगर विकास एवं आवास विभाग को स्टेडियमों, आवास परिसरों और सार्वजनिक शौचालयों में उच्च स्तर की साफ-सफाई रखने, सीवरेज की निगरानी करने तथा आयोजन स्थलों के आसपास स्ट्रीट लाइटिंग और सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

- *प्रतिनियुक्ति एवं उपकरण:* शिक्षा विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, राज्य खेल अकादमी सहित अन्य विभागों को अपने अधीन कार्यरत खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी पदाधिकारियों की समय पर प्रतिनियुक्ति करने तथा सभी 24 खेल विधाओं के लिए आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए.

इस समीक्षात्मक बैठक में खेल विभाग, गृह विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला पदाधिकारी (पटना एवं नालंदा), वरीय पुलिस अधीक्षक (पटना), पुलिस अधीक्षक (नालंदा) तथा पुलिस अधीक्षक, यातायात (पटना) ने भाग लिया.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-