कोडरमा जिले के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र अंतर्गत हरली पावर सबस्टेशन के समीप बुधवार को स्कूली बच्चों से भरी एक ओमनी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में वाहन सवार चार स्कूली बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल बच्चों को वाहन से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद तिलैया स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया , जहां सभी घायल बच्चों का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह ओमनी वाहन में स्कूली बच्चे सवार होकर जा रहे थे।

इसी दौरान हरली पावर सबस्टेशन के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर एपीएस,भादोडीह लिखा हुआ है। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, वाहन के अंदर बच्चों के बैठने के लिए लोहे से बने दो बेंच लगाए गए थे। ग्रामीणों ने वाहन की स्थिति को देखते हुए उसके काफी पुराना होने की बात भी कही। दुर्घटना में घायल बच्चों में अमन कुमार उम्र 08 वर्ष साधिका उम्र 08 वर्ष समेत दो अन्य बच्चे शामिल हैं। इनमें एक बच्चे के माथे में गंभीर चोटें आई है। सभी घायल बच्चों का इलाज तिलैया के निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है।