बोकारो के चास चेकपोस्ट स्थित सरकारी शराब दुकान के सामने देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। उपद्रवियों ने तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया, एक होटल में तोड़फोड़ की और वहां रखा सामान बिखेर दिया। साथ ही दो छोटे ठेलों को पलटकर नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भारी आक्रोश है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
उपद्रव करने वालों की तस्वीर सीसीटीवी में भी कैद हुई है।
दुकानदारों का कहना है कि पुलिस ने कुछ लोगों को देर रात हिरासत में लिया लेकिन चास पुलिस के द्वारा उन्हें छोड़ दिया गया है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में नाराजगी देखी जा रही है। दुकानदारों ने चास पुलिस से दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।प्रतिष्ठान संचालक राजू सिंह ने आरोप लगाया कि देर रात पुलिस मौके पर पहुंची थी और कुछ लोगों को अपने साथ ले गई थी, लेकिन सुबह थाना जाने पर उन्हें बताया गया कि किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पैसे लेकर आरोपियों को छोड़ दिया गया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र के लोगों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
