मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को देवघर जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी प्रतिमा, टावर चौक से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली, जो वीआईपी चौक होते हुए समाहरणालय पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।

प्रदेश प्रवक्ता अवधेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि देश का लोकतंत्र खतरे में है और बिहार, बंगाल व हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के चुनावों में चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त बिना विलंब इस्तीफा दें तथा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास ने कहा कि जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है। प्रदर्शन में दीपक सिंह राजपूत, गुलाब यादव, बंटी पांडे, प्रदीप नटराज, नकुल दास, पंजाबी राउत, सुधीर देव, मीणा तुरी व शहजादा प्रवीण सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।