बोकारो में मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके चार लोगों के चेहरे पर उस वक्त खुशी लौट आई, जब पुलिस ने उनके मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिए। बीएस सिटी थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से चार गुम मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की है। बुधवार को थाना परिसर में सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। बरामद मोबाइल में मोटोरोला, वीवो और पोको कंपनी के फोन शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुम मोबाइल से संबंधित आवेदनों के आधार पर CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई थी। पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।

बरामद मोबाइल में तुपकाडीह निवासी गौरव कुमार का मोटोरोला G54, गेमन कॉलोनी निवासी कृष्णकांत भूषण का वीवो Y05, चास के भोजपुर कॉलोनी निवासी सोनू कुमार शर्मा का वीवो T2 PRO और कैंप टू निवासी संजय कुमार मुर्मू का पोको C55 मोबाइल शामिल है। पुलिस ने अलग-अलग तारीखों में इन मोबाइलों को बरामद किया। इसके बाद 25 नवंबर को सभी मोबाइल उनके धारकों को वापस कर दिए गए। इस पूरी कार्रवाई में बीएस सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी और ऑपरेशन पदाधिकारी शुभम कुमार सिन्हा शामिल रहे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस के प्रति आभार जताया।