झारखंड कर्मचारी चयन आयोग यानी JSSC CGL परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच अब और तेज हो गई है। इसी सिलसिले में, गावां पुलिस ने फूड सेफ्टी विभाग के इंस्पेक्टर संजय कुमार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस टीम ने बुधवार को उनके पिहरा बाजार स्थित आवास पर दबिश दी और उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।मिली जानकारी के अनुसार, संजय कुमार को हिरासत में लेने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस संयुक्त टीम में गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी और तिसरी थाना प्रभारी शंभुनंद ईश्वर शामिल थे।

इन तीनों थाना प्रभारियों की टीम ने बुधवार को पिहरा बाजार स्थित संजय कुमार के आवास पर अचानक छापा मारा और उन्हें हिरासत में ले लिया। सूत्रों के मुताबिक, JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी और धांधली के मामलों को खंगालने के लिए यह कार्रवाई की गई है।इस पूरे मामले पर अधिक जानकारी देते हुए खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया है कि यह कार्रवाई सीआईडी के निर्देश पर की गई है।एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि मामला CGL परीक्षा में कथित धांधली से जुड़ा हुआ है, और सीआईडी इस मामले में लगातार अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल संजय कुमार से पूछताछ की जा रही है, और पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले की असली तस्वीर साफ हो सकेगी।

"पुलिस और सीआईडी अधिकारियों का कहना है कि यदि पूछताछ के दौरान संजय कुमार के खिलाफ गड़बड़ी या अनियमितता से जुड़ा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिलता है, तो उन्हें पीआर (PR) बांड पर छोड़ा भी जा सकता है।