पटना: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी को बिहार का नया प्रभारी नियुक्त किया है। हरीश द्विवेदी अब विनोद तावड़े की जगह बिहार बीजेपी की जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी मुख्यालय की ओर से बुधवार को विभिन्न राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारियों की नई सूची जारी की गई।
हरीश द्विवेदी उत्तर प्रदेश से आते हैं और इससे पहले असम बीजेपी के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। अब उन्हें बिहार की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ दो नेताओं को बिहार का सह प्रभारी बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद संगीता यादव को बिहार बीजेपी का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए रोहन गुप्ता को भी बिहार का प्रदेश सह प्रभारी बनाया गया है।
बीजेपी के इस संगठनात्मक बदलाव के तहत बिहार में अब हरीश द्विवेदी के नेतृत्व में संगठन से जुड़े कामकाज को आगे बढ़ाया जाएगा। उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता सह प्रभारी के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
पार्टी ने बिहार के अलावा कई अन्य राज्यों में भी प्रभारी और सह प्रभारी बदले हैं। बिहार में नए संगठनात्मक नेतृत्व की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब पार्टी संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कामकाज और राजनीतिक गतिविधियां जारी हैं।
हरीश द्विवेदी की नियुक्ति के बाद बिहार बीजेपी के संगठनात्मक कार्यक्रमों, नेताओं के साथ समन्वय और पार्टी की आगामी गतिविधियों पर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। वहीं,दोनों सह प्रभारी संगठनात्मक जिम्मेदारियों में उनका सहयोग करेंगे।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट

