गयाजी में रिश्वतखोरी पर बड़ा प्रहार : निगरानी की टीम ने नगर प्रखंड के बीडीओ को 50 हजार रुपये घूस लेते किया गिरफ्तार
गयाजी: इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के गया से है जहां जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है. सदर प्रखंड के बीडीओ को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है. इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
यह पूरा मामला नगर प्रखंड के रसलपुर पंचायत का है,जहां पंचायती राज विभाग की 15वीं वित्त आयोग की राशि से एक सरकारी विद्यालय में चहारदीवारी और फेवर ब्लॉक का निर्माण कार्य चल रहा था. आरोप है कि इस कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ने नगर प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी से एक लाख रुपये की अवैध मांग की थी. इतना ही नहीं,रिश्वत नहीं देने पर निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी भी दी गई. मजबूर होकर नगर प्रखंड प्रमुख ने निगरानी विभाग का दरवाजा खटखटाया. इसके बाद निगरानी विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत ट्रैप की योजना बनाई.
योजना के तहत जैसे ही आरोपी बीडीओ ने प्रमुख के कार्यालय में 50 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए,तो पहले से ही तैनात निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया. नोटों की गिनती भी पूरी नहीं हो पाई थी कि बीडीओ को हथकड़ी लग गई. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और निगरानी विभाग मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रहा है.
गयाजी से मनोज सिंह की रिपोर्ट --





