ओरमांझी के ब्लॉक चौक के समीप हुई कार्रवाई,दूसरे की जमीन दिखाकर पैसे ठगने का आरोप;आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती।
रांचीः राजधानी रांची के ओरमांझी में बोकारो जिले की बेरमो पुलिस ने जमीन ठगी के एक आरोपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ढोल-नगाड़े बजाते हुए आरोपी के घर पहुंची और न्यायालय के आदेश पर गिरफ्तारी से संबंधित इश्तिहार चिपकाया। पुलिस ने आरोपी को21 दिनों के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का अल्टीमेटम दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला ओरमांझी थाना क्षेत्र के ब्लॉक चौक के समीप का है। आरोप है कि आरोपी ने किसी दूसरे व्यक्ति की जमीन दिखाकर एक व्यक्ति से पैसे की ठगी की थी। ठगी का शिकार हुए व्यक्ति ने इस संबंध में बोकारो जिले के बेरमो थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले में न्यायालय की ओर से आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसके बाद बेरमो थाना की पुलिस टीम ओरमांझी पहुंची। पुलिस ने ढोल-नगाड़े बजाकर आरोपी के घर के बाहर इश्तिहार चिपकाया और निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में पेश होने का निर्देश दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को21 दिनों का समय दिया गया है। इस अवधि में आत्मसमर्पण नहीं करने पर उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

अब कुर्की-जब्ती की तैयारी!

बेरमो पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अब देखना होगा कि आरोपी21 दिनों के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण करता है या पुलिस को उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करनी पड़ती है।

रांची से नैयर की रिपोर्ट