जी प्लस-3भवन में बनेंगे 24सरकारी क्वार्टर,सरकारी कर्मियों को परिवार के साथ रहने की मिलेगी सुविधा, प्रखंड और अनुमंडल स्तर पर भी बनाए जाएंगे सरकारी आवास,विकास कार्यों को मिलेगी गति
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में जिला परिषद के सरकारी कर्मचारियों के लिए बहुमंजिला आवासीय भवन का निर्माण कराया जाएगा। मंगलवार को मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी एवं जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस भवन के निर्माण पर 4 करोड़ 86 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
डीडीसी आवास के पीछे स्थित जिला परिषद के पुराने सरकारी क्वार्टर परिसर की जमीन पर जर्जर भवनों को हटाकर नया आवासीय भवन बनाया जाएगा। जमशेदपुर की राय कंस्ट्रक्शन कंपनी को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रस्तावित योजना के तहत जी प्लस-3 संरचना की कुल तीन बिल्डिंग बनाई जाएंगी, जिनमें 24 आवासीय क्वार्टर होंगे। भवन में कर्मचारियों की जरूरत के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उपायुक्त मनीष कुमार एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि जिला परिषद के सरकारी कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होना एक महत्वपूर्ण कदम है। अब तक सरकारी आवास की व्यवस्था नहीं होने के कारण कर्मचारियों को किराये के मकानों में अलग-अलग स्थानों पर रहना पड़ता था। इससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि नया आवासीय भवन बन जाने से कर्मचारियों को अपने परिवार के साथ एक ही परिसर में रहने की सुविधा मिलेगी। इससे उनके कार्य करने की क्षमता और कार्यों के निष्पादन में भी सहूलियत होगी। सरकारी कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होने से जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को भी गति मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि जिला मुख्यालय के साथ-साथ प्रखंड और अनुमंडल स्तर पर भी इसी तरह सरकारी आवासीय भवनों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि सरकारी कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल के समीप आवास की सुविधा मिल सके। इससे कर्मचारी पूरी ऊर्जा और सामर्थ्य के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसी को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता, अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मौके पर जिला परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी सविता टोप्पो, कार्यपालक अभियंता राजू मरांडी, सहायक अभियंता केके भगत, कनीय अभियंता पार्थ सत्पथी, जिला परिषद सदस्य राज तुबिद सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
चाईबासा से राजीव सिंह की रिपोर्ट

