एक रात में कुदरा पुलिस ने चोरी, अपहरण, हीरोइन और शराब के साथ कुल 12 गिरफ्तार
कैमूर: जिले के कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी गांव में हुए गृहभेदन कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल, दो मैगजीन, पांच स्मार्टफोन और घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को गृहभेदन कांड के उद्भेदन में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए कहा कि बीते 4 नवंबर 2026 को कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी गांव स्थित वार्ड संख्या 13 निवासी कमल कुमार सिंह के मकान में गृहभेदन की घटना हुई थी। इस मामले में कुदरा थाना कांड संख्या 517/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4)/305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 9 और 10 नवंबर को कुदरा थाना पुलिस तथा कैमूर जिले की तकनीकी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिसौड़ा गांव में छापेमारी की। इस दौरान पांच आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम कुमार, आशीष यादव, मुखलाल कुमार, अंकित कुमार यादव और आलोक कुमार शामिल हैं। सभी रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिसौड़ा गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल (सीरियल नंबर आरपी 123604), दो मैगजीन, पांच स्मार्टफोन तथा कांड में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-45-U-9666) जब्त की है।
इस मामले में रोहतास जिले का रहने वाला एक अन्य आरोपी आयुष कुमार अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिवम कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रामगढ़ और तुंआव थाना में चोरी, गृहभेदन और शराब से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
कैमूर से अजय कुमार सिंह की रिपोर्ट

