पटना : राष्ट्रपति ने डॉ. कृष्ण नंदन सिंह को पुनः पटना हाईकोर्ट का एडिशनल सॉलिसिटर जनरल नियुक्त किया . भारत की राष्ट्रपति ने वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. कृष्ण नंदन सिंह (डॉ. के. एन. सिंह) को पटना हाईकोर्ट में भारत सरकार का एडिशनल सॉलिसिटर जनरल पुनः नियुक्त किया है.

केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि कार्य विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. सिंह का यह कार्यकाल 1 अक्टूबर, 2026 से अगले तीन महीनों के लिए या अगले आदेश तक जारी रहेगा.

डॉ. के. एन. सिंह पटना हाईकोर्ट के एक जाने-माने वरिष्ठ अधिवक्ता हैं. वह पिछले कई वर्षों से लगातार भारत सरकार के मुख्य कानूनी प्रतिनिधि के रूप में पटना हाईकोर्ट में सेवाएं दे रहे हैं.

इससे पहले वर्ष 2023 में भी उन्हें तीन वर्षों के कार्यकाल के लिए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल के पद पर पुनर्नियुक्त किया गया था.

अपने लंबे और समृद्ध विधिक करियर में उन्होंने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की ओर से कई महत्वपूर्ण संवैधानिक, नागरिक और आपराधिक मामलों में पैरवी की है.

डॉ. के. एन. सिंह के पुनः एडिशनल सॉलिसिटर जनरल बनने पर कानूनी जगत में खुशी की लहर दौड़ गई. इस अवसर पर बिहार स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा, अधिवक्ता प्रशांत प्रताप, एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश चंद्र वर्मा समेत कई प्रमुख वरिष्ठ अधिवक्ताओं और कानूनविदों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं.

पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट-