पटना/लखनऊ:विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी सोमवार को निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा के तहत कौशाम्बी पहुंचे. यहां निषाद समाज के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. सहनी ने गंगाजल हाथ में लेकर लोगों को निषाद आरक्षण के लिए संकल्प दिलाया.
कौशाम्बी में प्रेस वार्ता के दौरान सहनी ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद पर निशाना साधा. सहनी ने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए आरक्षण की लड़ाई लड़ने का दावा प्रभावी नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार में रहते हुए भी धरना देना पड़ रहा है तो सत्ता में बने रहने का औचित्य क्या है. ये आरोप सहनी ने लगाए हैं.
सहनी ने दावा किया कि वर्ष2018से निषाद आरक्षण का मुद्दा लंबित है. उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के निषाद समाज को आरक्षण के मुद्दे पर जागरूक करना है. सहनी ने‘आरक्षण नहीं तो वोट नहीं’ का संकल्प लेने की बात कही.
2027के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सहनी ने कहा कि वीआईपी फिलहाल इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और अलग चुनाव लड़ने का इरादा नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि डॉ. संजय निषाद विपक्ष के साथ आते हैं तो सीट बंटवारे में निषाद समाज की पर्याप्त भागीदारी उनकी प्रमुख शर्त होगी.
सहनी ने कहा कि गठबंधन में जिन सीटों पर सहमति बनेगी, उनमें90 प्रतिशत सीटों पर निषाद समाज के उम्मीदवारों को मौका देने की मांग रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि आगे की रणनीति की जानकारी उचित समय पर दी जाएगी.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
