सहरसा में'लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ'पदयात्रा में शामिल हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री,बोले- गांव-गांव और शहर-शहर से आ रही आवाज,मोदी हम तुम्हारे साथ हैं
सहरसा: केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता अब विपक्ष के भ्रम और अफवाहों की राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी विकासोन्मुखी नीतियों पर कायम है। नित्यानंद राय बुधवार को 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा अभियान के तहत सहरसा पहुंचे थे। इस दौरान रेनबो रिसोर्ट जिला परिषद से शहीद चौक तक पदयात्रा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
पदयात्रा में उमड़ी भीड़ को बताया जनसमर्थन का प्रतीक
पदयात्रा के दौरान जुटी भीड़ और लोगों के उत्साह का जिक्र करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि आज गांव-गांव, शहर-शहर और देश के हर कोने से एक ही आवाज सुनाई दे रही है- 'मोदी हम तुम्हारे साथ हैं।' उन्होंने कहा कि यह आवाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन को दर्शाती है। उनके अनुसार, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के अन्य नेता राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके राजनीतिक चरित्र और मंशा को समझ चुकी है।
राहुल गांधी,तेजस्वी और अखिलेश यादव पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि विपक्षी नेता लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाकर देश को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार, कुशासन, नीतिगत पंगुता और आतंकवाद के प्रति कमजोर रवैया देखने को मिला। नित्यानंद राय ने कहा कि उस दौर में देश की सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और विकास की आकांक्षाओं के साथ समझौता किया गया।
2014, 2019और 2024के चुनावों का किया जिक्र
नित्यानंद राय ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में देश की जनता ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है।
2047तक विकसित भारत के लक्ष्य पर जताया भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था के मजबूत होने का दावा करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को जरूर पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नकारात्मक राजनीति को जनता नकारेगी और देश राष्ट्रहित, विकास तथा सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। सहरसा में आयोजित इस पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने विपक्ष के खिलाफ राजनीतिक संदेश देने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपना समर्थन प्रदर्शित किया।
राजीव रांजन की रिपोर्ट

