पटना:बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पथ निर्माण विभाग में कार्यरत अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में4नवंबर को पटना, सहरसा और औरंगाबाद में की गई इस कार्रवाई के दौरान31लाख42हजार रुपये नकद, करीब23लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

SVU के अनुसार, प्रारंभिक जांच में विजय कुमार और उनकी पत्नी रानी कुमारी के नाम पर करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला है। जांच एजेंसी ने उनकी संपत्ति का आकलन सरकारी वेतन और वैध आय के स्रोतों के आधार पर किया है। इस मामले में 3 नवंबर 2026 को विशेष निगरानी थाना कांड संख्या 27/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

जांच में पटना के महेश नगर स्थित प्रेम रेजिडेंसी अपार्टमेंट में एक फ्लैट, दानापुर और गोला रोड में तीन भूखंड तथा दो नवनिर्मित मकानों की जानकारी मिली है। इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये बताया गया है। इसके अलावा बैंक खातों और सावधि जमा (FD) में करीब 1 करोड़ 29 लाख 46 हजार रुपये की राशि होने की जानकारी सामने आई है। विजय कुमार के नाम पर स्कॉर्पियो और आई-10 कार भी पंजीकृत मिली हैं।

छापेमारी के दौरान दानापुर स्थित साईं शरणम आवास से 31.42 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके साथ ही पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ इंडिया में 10 लाख रुपये की FD से संबंधित जानकारी मिली है। LIC, टाटा एआईजी समेत विभिन्न कंपनियों में निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं।

SVU की टीम ने पटना के दानापुर और महेश नगर, सहरसा स्थित कार्यालय एवं आवास तथा औरंगाबाद के पैतृक आवास पर तलाशी ली। एजेंसी के मुताबिक, दानापुर स्थित आवास पर तलाशी अभियान जारी है। अन्य ठिकानों से मिले दस्तावेजों और बैंक खातों के लेनदेन की जांच की जा रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद आय से अधिक संपत्ति का अंतिम आकलन किया जाएगा।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट