Patna : पटना हाईकोर्ट में बिहार में सरकारी टेंडरों में कथित हेराफेरी और करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले पर अगली सुनवाई 4 दिसंबर, 2026 को निर्धारित की गई है. जस्टिस सत्यव्रत वर्मा की एकलपीठ ने याचिकाकर्ता रिषुश्री के मामले पर सुनवाई करते हुए कहा ईडी के संयुक्त निदेशक और एसवीयू के अपर महानिदेशक को अगली सुनवाई में उपस्थित होने का अनुरोध किया है.

सुनवाई से पहले विशेष निगरानी इकाई ने स्टेटमेंट आफ फैक्ट दायर कर दिया, जो अस्सी पेजों का था. इसके जरुरत एसवीयू ने अब तक एकत्रित किये सबूतों,जांच की प्रगति रिपोर्ट, आरोपी की भूमिका का पूरा कोर्ट के सामने प्रस्तुत किया,जिससे जमानत का विरोध मजबूती से किया जा सके.

इस मामले में आर्थिक मुद्दों पर जांच कर रही एजेंसी ईडी ने भी कार्रवाई की गति तेज कर दी है. 15 अक्टूबर, 2026 की सुनवाई में कोर्ट ने जांच की धीमी रफ्तार और बड़े अधिकारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं करने पर कड़ी फटकार लगाया था. इसके बाद ईडी हरकत में आयी. उसने आईएएस अधिकारियों आनंद किशोर, अभिलाषा शर्मा, सुनील कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार भल्ला और योगेश्वर सागर से पूछताछ की.

पिछली सुनवाई में कोर्ट ने सुनवाई करते हुए कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस पूरे मामले में कुछ बड़े अधिकारियों को बचाने और कुछ लोगों को जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है, जबकि कानून की नजर में सभी बराबर हैं.

हाईकोर्ट ने ऋषु श्री की याचिका पर पहले की सुनवाई में यह भी तल्ख टिप्पणी की कि प्रवर्तन निदेशालय भले ही याचिकाकर्ता को इस कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग का मुख्य सूत्रधार बता रहा हो, लेकिन उपलब्ध तथ्यों से कोर्ट को लगता है कि याचिकाकर्ता महज एक 'मोहरा' है और असली मास्टरमाइंड पर्दे के पीछे छिपे हैं.

कोर्ट के अनुसार, ईडी ने अपने जवाब में यह जानकारी दी थी कि उसने छह वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ विश्वसनीय इनपुट साझा किए थे. इसके बाद मुमुक्षु चौधरी, तरणी दास और उमेश कुमार नामक तीन अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन बाकी अधिकारियों की भूमिका और उन पर कार्रवाई को लेकर स्थिति अब तक धुंधली है.

कोर्ट ने इस स्थिति को काफी गंभीरता से लिया. एसवीयू के एडीजी को निर्देश और कड़े सवाल भी पूछे. हाईकोर्ट ने विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक को इस मामले में पक्षकार बनाने का सख्त निर्देश दिया था.

हाईकोर्ट ने जानना चाहा था कि क्या सूचना को साझा करते पीएमएलए की धारा 66 ,जिसके आधार पर एसयूवी पी एस कांड संख्या 05/2025 दायर किया गया, उस समय संजीव हंस के अलावे किसी अन्य सरकारी अधिकारी के नाम था या नहीं. अगर था,तो ईडी ने एडीजी,एसयूवी के समक्ष आपत्ति दर्ज की गयी थी कि ऐसे अधिकारियों के नाम इस मामले में क्यों नहीं डाले गये.

हाईकोर्ट ने उनसे यह हलफनामा दाखिल कर स्पष्ट करने को कहा था कि ईडी द्वारा छह वरिष्ठ अधिकारियों के नाम साझा किए जाने के बावजूद सभी को एफआईआर में आरोपी क्यों नहीं बनाया गया?इससे ऐसा लगता कि कुछ अधिकारियों को बचाने का प्रयास हो रहा,तो कुछ अधिकारियों को इसमें घसीटने की कोशिश की जा रही हैं, ऐसा प्रतीत होता है.

कोर्ट ने जानना चाहा कि जांच के दौरान इन अधिकारियों की भूमिका को लेकर अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं. कोर्ट ने ये प्रश्न किया कि यदि अन्य अधिकारियों के नाम सामने आए थे, तो उनसे पूछताछ के लिए अब तक समन जारी क्यों नहीं किया गया?

हाईकोर्ट ने ईडी के जवाब को कुछ अहम बिंदुओं पर टालमटोल वाला करार दिया है. फिलहाल याचिकाकर्ता न्यायिक हिरासत में है, और कोर्ट के इस कड़े रुख के बाद अब सबकी निगाहें एसवीयू और ईडी के आगामी जवाब पर टिकी हुई थी. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इन सभी सम्बन्धित अघिकारियों की भूमिका जांच ईडी कर सकती है. इस मामले पर अगली सुनवाई 4 दिसंबर, 2026 को होगी.

पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट-