बिहार की राजनीति में पूर्व आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा की संभावित एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के साथ उनकी मुलाकात की एक तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि काम्या मिश्रा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के साथ अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकती हैं। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
दरअसल, काम्या मिश्रा शुक्रवार को पटना स्थित संजय झा के आवास पहुंचीं। दोनों ने मुलाकात की तस्वीर अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। काम्या मिश्रा ने संजय झा के बिहार को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने के प्रयासों की सराहना की। वहीं, संजय झा ने इस मुलाकात को दीपावली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान से जुड़ी शिष्टाचार भेंट बताया।इसके बावजूद मुलाकात के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस सेवा छोड़ने के बाद अब काम्या मिश्रा राजनीति में नई जिम्मेदारी संभालने की तैयारी कर रही हैं?
22 साल की उम्र में बनी थीं IPS अधिकारी
काम्या मिश्रा वर्ष 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी रही हैं। उन्होंने महज 22 वर्ष की उम्र में यूपीएससी परीक्षा पास कर 172वीं रैंक हासिल की थी। बिहार में पुलिस सेवा के दौरान उनकी पहचान एक तेजतर्रार अधिकारी के रूप में बनी। दरभंगा में ग्रामीण एसपी रहते हुए उन्होंने वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी हत्याकांड की जांच में अहम भूमिका निभाई थी।करीब छह साल पुलिस सेवा में रहने के बाद उन्होंने 28 वर्ष की उम्र में आईपीएस पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों को इस्तीफे की वजह बताया था। फिलहाल वह जीएम आयरन एंड स्टील कंपनी की निदेशक हैं।ऐसे में संजय झा से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। हालांकि, जदयू में शामिल होने या चुनाव लड़ने को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
