बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में तीन अपराधियों के मारे जाने की खबर है। वहीं, गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी घायल हो गए हैं। उनके हाथ में गोली लगने की सूचना है। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास हुई। बताया जा रहा है कि मारे गए तीनों अपराधी मनेर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के आरोपी थे। पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बाद तीन अपराधियों के मारे जाने की सूचना है।

महाअष्टमी की रात हुई थी पैक्स अध्यक्ष की हत्या

गौरतलब है कि 19 अक्टूबर की रात मनेर के ब्यापुर में अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना में पैक्स अध्यक्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वारदात में करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई थी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और पंचायत चुनाव से जुड़ा विवाद बताया गया था।

घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल थानाध्यक्ष को इलाज के लिए अस्पताल भेजे जाने की सूचना है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर जांच कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मुठभेड़ को लेकर पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट