बिहार शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग की ओर से कई शिक्षा पदाधिकारियों को दूसरे जिलों में जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) के पद पर प्रतिनियुक्त किया गया है। इस बदलाव में पटना समेत छह जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी बदले गए हैं। वहीं, नौ कार्यक्रम पदाधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।शिक्षा विभाग में यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है, जब वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सीके अनिल विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी सख्त प्रशासनिक छवि के बीच अधिकारियों के इस बड़े बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आदेश के अनुसार, सरस्वती कुमारी को अगले आदेश तक पटना का जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है। सीतामढ़ी के डीईओ राघवेंद्र मणि त्रिपाठी को सिवान की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में पदस्थापित मुकेश कुमार भागलपुर के डीईओ बनाए गए हैं।इसी तरह बिहार मुक्त विद्यालयीय शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड से दिनेश कुमार पासवान को सीतामढ़ी का डीईओ बनाया गया है। प्राथमिक शिक्षा के उपनिदेशक प्रफुल्ल कुमार मिश्रा को पूर्वी चंपारण तथा माध्यमिक शिक्षा के सहायक निदेशक सुभाष कुमार को नवादा का जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है।वहीं, नौ कार्यक्रम पदाधिकारियों की भी अलग-अलग जिलों में प्रतिनियुक्ति की गई है। विनय कुमार सुमन को खगड़िया, आनंद कुमार को मुंगेर, विकास कुमार डीएन को औरंगाबाद और सैयद तारिक सज्जाद को मधेपुरा भेजा गया है।

इसके अलावा रजनीश कुमार झा को भागलपुर, भोला कुमार कर्ण को गोपालगंज, कुमार अभिजीत को पूर्वी चंपारण तथा सूरज कुमार झा और रवि कुमार को बक्सर में कार्यक्रम पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इस फेरबदल से जिलों में शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कामकाज और निगरानी व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट