पटना : जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में अब शिक्षक और शिक्षिकाएं लिपिकों की टेबल के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं घूम सकेंगे. कार्यालय में अनुशासन और कार्यप्रणाली को व्यवस्थित बनाने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी ने नौ बिंदुओं में सख्त निर्देश जारी किए हैं. आदेश का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

जारी आदेश के अनुसार, कार्यालय अवधि के दौरान कोई भी कर्मचारी अपना निर्धारित स्थान छोड़कर इधर-उधर नहीं घूमेगा. निरीक्षण के दौरान यदि कोई कर्मचारी अपने निर्धारित स्थान से अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

डीईओ ने लिपिकों और अन्य कार्यालय कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे किसी भी शिक्षक या शिक्षिका से व्यक्तिगत रूप से अथवा मोबाइल फोन और दूरभाष के माध्यम से बिना पर्याप्त कारण बातचीत नहीं करेंगे. सभी कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने और विभागीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समय-समय पर मिलने वाले निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.

आदेश में शिक्षकों के लिए भी समय निर्धारित किया गया है. सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय की कार्यावधि में अनिवार्य रूप से स्कूल में उपस्थित रहना होगा. किसी आवश्यक कार्य या समस्या के समाधान के लिए उन्हें संबंधित जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अथवा जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा. इसके लिए शाम चार बजे से पांच बजे तक का समय निर्धारित किया गया है.

कार्यालय की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए भवन और परिसर की सभी दिशाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उन्हें नियमित रूप से चालू रखने का निर्देश दिया गया है. इस व्यवस्था से कार्यालय में अनुशासन बनाए रखने और कर्मचारियों की कार्यशैली पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-