पटना : बिहार में दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आमदनी में इजाफा करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम (एनपीडीडी) के तहत राज्य में 498.81 करोड़ रुपये की लागत से 32 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है. इन परियोजनाओं के माध्यम से दूध संग्रहण, गुणवत्ता जांच, शीतलीकरण और प्रसंस्करण की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा.
बुधवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित राष्ट्रीय दुग्ध दिवस समारोह में केंद्रीय डेयरी, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बिहार में अब तक 14,056 नई दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया गया है, जबकि 7,435 पुरानी समितियों को मजबूत किया गया है.
पांच वर्षों में बनेगी 75 हजार नई समितियां
मंत्री ने कहा कि श्वेत क्रांति-2 के तहत अगले पांच वर्षों में देशभर में 75 हजार नई डेयरी सहकारी समितियां गठित करने और 46 हजार मौजूदा समितियों को सुदृढ़ करने का लक्ष्य है. उन्होंने बताया कि देश में दूध उत्पादन 2013-14 के 7.19 करोड़ मीट्रिक टन से बढ़कर 13.76 करोड़ मीट्रिक टन हो गया है. इस तरह 12 वर्षों में करीब 91 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है.
90 प्रतिशत बछिया पैदा करने वाली तकनीक पर जोर
दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए मंत्री ने सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक से कृत्रिम गर्भाधान कराने की अपील की. इससे करीब 90 प्रतिशत बछिया पैदा होने की संभावना रहती है. इससे भविष्य में दुधारू पशुओं की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी. बिहार में भी उन्नत नस्ल की बछियों के लिए एक हीफर सेंटर स्वीकृत किया गया है.
इसके अलावा बिहार को 307 मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयां उपलब्ध कराई गई है. सरकार का लक्ष्य डेयरी सहकारिता को मजबूत कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालकों की आय को बढ़ाना है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
