पटना :पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र की अध्यक्षता में विश्वेश्वरैया भवन स्थित सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भागलपुर प्रमंडल अंतर्गत आने वाले पथ प्रमंडलों,राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडलों,बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (बीआरपीएनएनएल) और बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) के अधीन संचालित सड़क,पुल एवं आरओबी परियोजनाओं के प्रगति कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में भागलपुर–अमरपुर–बांका (एसएच-25) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण,सुल्तानगंज–तारापुर–बेलहर–कटोरिया–दर्दमारा (एसएच-22) के 4-लेन कार्य,भागलपुर–कहलगांव–मिर्जाचौकी एनएच-80,एनएच-333 ए के कटोरिया,लखपुरा,बांका एवं पंजवारा बाइपास सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही,पुल एवं आरओबी परियोजनाओं में भागलपुर–बौंसी रेलवे लाइन पर आरओबी,एसएम कॉलेज–मिर्जानहाट मार्ग पर आरओबी,ऑरहनी नदी पर एचएल आरसीसी ब्रिज और सुखानिया नदी पर 4-लेन एचएल आरसीसी मेजर ब्रिज,सुलतानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल सहित अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई।
इसी क्रम में मुंगेर (सफीयाबाद)-बरियारपुर-घोरघट-सुलतानगंज गंगा पथ एवं सुलतानगंज-भागलपुर-सबौर गंगा पथ की वर्तमान स्थिति पर गहन चर्चा हुई। मंत्री ईं. कुमार ने भू-अर्जन,फॉरेस्ट एवं पर्यावरण क्लीयरेंस सहित अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि एनएच-80 (भागलपुर-कहलगांव-मिर्जाचौकी खंड) के अंतर्गत 47.815 किमी मार्ग के पुनर्वास एवं 2-लेन विथ पेव्ड शोल्डर चौड़ीकरण कार्य की भौतिक प्रगति 95 फीसदी से अधिक पूरी कर ली गई है। अमरपुर बाईपास (7.052 किमी) के तहत भू-अर्जन की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूर्ण कराकर शेष निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मंत्री ईं. कुमार ने सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता के साथ समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों और बाधाओं के त्वरित समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना के क्रियान्वयन में गति लाने के लिए कहा। साथ ही भू-अर्जन की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूर्ण कराकर परियोजना निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अभियंता प्रमुख, मुख्य महाप्रबंधक (बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन), प्रबंध निदेशक (बीआरपीएनएनएल) सहित संबंधित अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।
